43 दिन की मेडिकल छुट्टी पर भी रिश्वत का खेल! वन विभाग का स्थापना शाखा प्रभारी 3 हजार लेते लोकायुक्त के जाल में फंसा
मंदसौर में लोकायुक्त का शिकंजा: छुट्टी मंजूर कराने के नाम पर 3 हजार की रिश्वत लेते वन विभाग का कर्मचारी ट्रैप
मंदसौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त संगठन की लगातार कार्रवाई के बीच सोमवार को मंदसौर में वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। लोकायुक्त संभाग उज्जैन की टीम ने स्थापना शाखा प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप किया।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार आवेदक ललित मीणा, जो गांधी सागर परिक्षेत्र में वनरक्षक पद पर कार्यरत हैं, ने अपने उपचार के लिए 43 दिवस के अर्जित अवकाश का आवेदन 27 मई 2026 को विभाग के IFMS पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत किया था। यह आवेदन आरोपी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर की आईडी पर लंबित था।
आरोप है कि आवेदन को आगे अग्रेषित करने तथा अवकाश स्वीकृत करवाने के बदले आरोपी ने 3 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त उज्जैन ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने किया। टीम में निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा और मो. इसरार शामिल रहे।
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन को मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा दूरभाष 0734-2512756 पर की जा सकती है।
