जीतू पटवारी, हरीश चौधरी और मीनाक्षी नटराजन समेत कई दिग्गज नेता नीमच में, कांग्रेस का दो दिवसीय मंथन
मंगलम रिसोर्ट में होगा आवासीय प्रशिक्षण शिविर, संगठन को धार देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने पर रहेगा फोकस
नीमच। कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 2 एवं 3 जून को शहर के मंगलम रिसोर्ट में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। करीब दस वर्षों बाद जिले में इस स्तर का बड़ा संगठनात्मक आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे और विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। आयोजन में जिलेभर के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। करीब 110 प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस की विचारधारा, संगठन विस्तार, नेतृत्व विकास, जनसंपर्क कौशल, चुनावी प्रबंधन और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और भविष्य की कार्ययोजना से अवगत कराया जाएगा ताकि वे अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सकें।
शिविर ऐसे समय आयोजित हो रहा है जब प्रदेश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी का दौर तेज है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तरुण बाहेती ने कहा कि इस तरह की भाषा मुख्यमंत्री के राजनीतिक संस्कारों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी लगातार जनता से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं और सरकार की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं, जिससे भाजपा नेतृत्व असहज दिखाई दे रहा है।
बाहेती ने बताया कि आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनका कहना है कि यह प्रशिक्षण शिविर केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई वैचारिक दिशा, ऊर्जा और राजनीतिक समझ देने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि इस मंथन शिविर से निकलने वाली रणनीति जिले में संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगी।
