जावद क्षेत्र स्थित सुखानंद धाम दर्शन कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  01 June, 2026
icon

नीमच। जिले के खोर क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने साथी के साथ सुखानंद धाम के दर्शन कर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय नारायण लाल सालवी, पिता बक्षीराम सालवी, निवासी ग्राम एरा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), अपने एक साथी के साथ प्रसिद्ध सुखानंद धाम के दर्शन करने नीमच आए थे। दर्शन के बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान खोर क्षेत्र के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि नारायण लाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायल युवक को खोर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11 बजे घायल युवक को जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।