पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा की 28वीं पुण्यतिथि पर झांतला में श्रद्धांजलि, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोहराया जनसेवा का संकल्प
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, जनसंघ से भाजपा तक के संघर्ष और संगठन निर्माण में योगदान को किया याद
सिंगोली। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सखलेचा "बड़े साहब" की 28वीं पुण्यतिथि पर रविवार को झांतला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसंघ के दौर में बड़े साहब के संघर्ष, संगठन निर्माण में उनकी भूमिका और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। इस अवसर पर "जब तक सूरज-चांद रहेगा, बड़े साहब सखलेचा जी आपका नाम रहेगा" तथा "चप्पा-चप्पा भाजपा" जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
भाजपा मंडल महामंत्री पारस कुमार जैन ने कहा कि अविभाजित मंदसौर जिले के जावद क्षेत्र को प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में पहचान दिलाने का श्रेय बड़े साहब को जाता है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच चौपाल लगाकर संवाद करना उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान थी और भाजपा संगठन को मजबूत आधार देने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
पूर्व मंडल महामंत्री राधेश्याम आडवाणी ने कहा कि जावद विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सालय और भवन जैसी महत्वपूर्ण सौगातें झांतला को बड़े साहब के प्रयासों से मिलीं। यही कारण है कि झांतला को "छोटी भोपाल" के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह ग्राम बड़े साहब का हृदय स्थल रहा है और आज भी लोग उनकी प्रतिमा को श्रद्धा से नमन करते हैं।
ग्राम पंचायत झांतला के सरपंच प्रतिनिधि विनोद धाकड़ ने कहा कि स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सखलेचा की प्रशासनिक क्षमता, सादगी और जनहितकारी सोच आज भी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश के विकास और सुशासन के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
भाजपा बूथ अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापत ने कहा कि बड़े साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बड़े साहब की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके पुत्र एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा लगातार क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में बद्रीलाल धाकड़, जगन्नाथ धाकड़, भगवानलाल बलाई, पप्पू राव, बाबूलाल धाकड़, सुनील सुथार, शंकरलाल धाकड़ सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में सभी ने बड़े साहब के आदर्शों को आत्मसात कर संगठन और समाज की सेवा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
