एक रात, पूरा जिला अलर्ट: नीमच पुलिस की मेगा कॉम्बिंग में 118 वारंटी गिरफ्तार, बदमाशों में मचा हड़कंप

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  31 May, 2026
icon

फरार आरोपी, गुंडे, तस्कर और शराब माफिया निशाने पर... नीमच पुलिस की रातभर चली बड़ी कार्रवाई

नीमच।  जिले में शनिवार रात पुलिस का ऐसा ऑपरेशन चला, जिसने अपराधियों की नींद उड़ा दी। जिलेभर में एक साथ उतरी पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों, निगरानी बदमाशों, नशा कारोबारियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रातभर कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान पुलिस ने 118 गैर-जमानती वारंट तामील कराते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 39 स्थायी वारंटी और 79 गिरफ्तारी वारंट शामिल रहे।

कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ तस्करी, संपत्ति संबंधी अपराधों और गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस ने 107 निगरानी बदमाशों और एक जिला बदर आरोपी की भी जांच-पड़ताल की।

अभियान के तहत जिलेभर में 60 होटल, लॉज और ढाबों की सघन तलाशी ली गई। वहीं 12 प्रमुख स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 175 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 21 हजार 800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

नशे के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज कर 51 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 2 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा सट्टा और जुआ गतिविधियों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 54 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नीमच पुलिस का यह अभियान अपराधियों के लिए साफ संदेश है कि कानून से बच निकलना अब आसान नहीं होगा।