पीएम मोदी की 'मन की बात' से जुड़ा बिसलवास कला, किसानों-कार्यकर्ताओं ने सुना राष्ट्र निर्माण का संदेश
नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का प्रभाव रविवार को जिले के ग्रामीण अंचलों में भी देखने को मिला। ग्राम बिसलवास कला के शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में किसानों, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बूथ क्रमांक 12, 13 एवं 14 के कार्यकर्ता, किसान और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे, जिन्हें उपस्थित लोगों ने गंभीरता से सुना।
भाजपा जिला मंत्री एवं उत्तर मंडल प्रभारी रोशन वर्मा ने कहा कि "मन की बात" देशवासियों को सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी समाज के उन अनसुने नायकों को देश के सामने लाते हैं, जो अपने कार्यों से बदलाव की नई इबारत लिख रहे हैं। यही कारण है कि यह कार्यक्रम आज गांव-गांव तक लोगों को प्रेरित कर रहा है।
ग्राम सरपंच एवं कार्यक्रम प्रभारी गोपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में चेतराम पाटीदार, अर्जुन कुमार पाटीदार, मूलचंद बैरागी, हिम्मत सिंह, भेरूलाल धनगर, श्यामलाल रावत, जितेंद्र पाटीदार, भेरूलाल राठौर, डॉ. दिनेश नागदा, मांगीलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना था कि "मन की बात" केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और देश के विकास में सहभागी बनने का प्रेरक माध्यम बन चुका है।
