20 किलो ब्राउन शुगर के साथ अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 5 तस्कर गिरफ्तार

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  31 May, 2026
icon

मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नई आबादी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 किलो ब्राउन शुगर (स्मैक), दो लग्जरी कारें और सात मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी जितेंद्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को रविवार को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मादक पदार्थों की बड़ी खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर रणनीतिक घेराबंदी की गई। संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी लेने पर पुलिस ने 20 किलोग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की। मामले में नई आबादी थाने पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक सुजुकी एस-क्रॉस और एक हुंडई क्रेटा कार जब्त की है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी साइबर और तकनीकी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, सप्लाई चेन, वित्तीय लेनदेन और अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर निवासी हेमंत वर्मा और मोना सेन के अलावा राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के राहुल मीणा, सुभाष उर्फ पिंटू नाहर और जितेंद्र उर्फ कारू मीणा शामिल हैं। वहीं अजीज उर्फ एजाज निवासी प्रतापगढ़ फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है। जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।