दारू गांव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में लटका मिला शव; कारणों को लेकर बना रहस्य
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के ग्राम दारू की नई आबादी में एक 24 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, वहीं पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम दारू निवासी गोविंद भील पिता दुर्गाशंकर भील शनिवार शाम अपने घर के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के आसपास ही मौजूद थे। काफी देर तक गोविंद बाहर नहीं निकला तो परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी बघाना थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया, जहां रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस मृतक की पारिवारिक, सामाजिक और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही युवक द्वारा यह कदम उठाने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
