3 किलो अफीम मामले में बड़ा खुलासा: सप्लाई चेन से जुड़ा फरार आरोपी गिरफ्तार, रतनगढ़ पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  30 May, 2026
icon

एक दिन पहले 3 किलो अवैध अफीम के साथ युवक पकड़ा गया था, पूछताछ में सामने आए नेटवर्क के आधार पर पुलिस ने मुख्य सहयोगी को भी दबोचा

नीमच। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 3 किलो अवैध अफीम बरामदगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की एक अहम कड़ी तक पहुंच बनाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 मई को रतनगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से करीब 3 किलो अवैध अफीम जब्त की थी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई। जांच के दौरान अफीम की सप्लाई और परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए थे।
इसी आधार पर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सुरेश कुमार पिता अमृतलाल धाकड़ (40 वर्ष), निवासी हेमरगढ़, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) की तलाश शुरू की। मुखबिर सूचना के आधार पर 30 मई को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध मादक पदार्थ की उपलब्धता कराने और गतिविधियों पर नजर रखने में भूमिका निभा रहा था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाभर, उनकी टीम तथा साइबर सेल नीमच के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।