मिशन 2028 की तैयारी! नीमच में कांग्रेस का शक्ति-संचार, जीतू पटवारी समेत दिग्गज नेता देंगे जीत का मंत्र
10 साल बाद जिले में बड़ा प्रशिक्षण शिविर, संगठन को धार देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की कवायद
नीमच। मध्यप्रदेश में राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी में जुटी कांग्रेस अब संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के अभियान में उतर गई है। इसी रणनीति के तहत 2 और 3 जून को नीमच में जिला कांग्रेस का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है। कांग्रेस इसे केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं बल्कि संगठन में नई जान फूंकने और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने की बड़ी कवायद मान रही है।
करीब एक दशक बाद जिले में आयोजित हो रहे इस महत्वपूर्ण शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क के नए तौर-तरीकों से अवगत कराना है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि शिविर में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, प्रदेश संगठन मंत्री संजय कामले और प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग सत्रों में मार्गदर्शन देंगे।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही भविष्य की राजनीतिक लड़ाई का आधार है। यही वजह है कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ चुनावी प्रबंधन, जनआंदोलन, सोशल मीडिया और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शहर के मंगलम रिसोर्ट में आयोजित होने वाले इस शिविर को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिलेभर से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें भाग लेने पहुंचेंगे। राजनीतिक दृष्टि से भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि लंबे समय बाद कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व एक मंच पर नीमच में दिखाई देगा।
