झंझारवाड़ा बनेगा निवेश का नया हब: कलेक्टर चंद्रा ने उद्योगों की नब्ज टटोली, रोजगार बढ़ाने पर जोर

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  30 May, 2026
icon

नीमच। खेती के लिए पहचान रखने वाला नीमच अब उद्योगों के नक्शे पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। जिले में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनका फोकस सिर्फ फैक्ट्रियों के संचालन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आने वाले वर्षों में जिले को औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं पर भी रहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में संचालित इकाइयों की स्थिति, निवेश की संभावनाओं और स्थानीय युवाओं को मिल रहे रोजगार का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में उद्योगों का विस्तार केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा नहीं देगा, बल्कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर पलायन रोकने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

कलेक्टर चंद्रा ने झंझारवाड़ा स्थित एसीसी ब्लॉक निर्माण इकाई का दौरा कर उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन क्षमता, बाजार की मांग, निवेश और रोजगार से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। साथ ही श्रमिकों की सुरक्षा, फायर सेफ्टी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

युवा उद्यमी हातिम नजमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ऐसे उद्योग जिले में विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। स्थानीय स्तर पर स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयां न केवल निवेश आकर्षित करती हैं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलती हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एमपीआईडीसी द्वारा नवीन उद्योगों के लिए आवंटित भूमि और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेशकों को जमीन आवंटन के बाद सड़क, बिजली, पानी और पहुंच मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। राजस्व अभिलेखों में दर्ज मार्गों को व्यवस्थित करने और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक रास्ते विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि यदि निवेशकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो नीमच जिले में बड़े पैमाने पर नए उद्योग स्थापित हो सकते हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा और जिले की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पराग जैन, तहसीलदार संतोष कुमार, एमपीआईडीसी के अमित सोनी, उद्योग समूह अध्यक्ष हातिम नजमी सहित संबंधित अधिकारी और औद्योगिक इकाइयों के संचालक उपस्थित रहे।