नशे के खिलाफ बेटियों की हुंकार: मानव श्रृंखला बनाकर दिया संदेश, जाजू कॉलेज में उठे जागरूकता के हजारों हस्ताक्षर
नीमच। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के बीच शहर के श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने एकजुट होकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। शनिवार को आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की, हस्ताक्षर अभियान चलाया और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। हस्ताक्षर अभियान में शामिल प्रतिभागियों ने न केवल स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लिया, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य मानव श्रृंखला रही, जहां छात्राओं ने हाथों में हाथ डालकर यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। मानव श्रृंखला के माध्यम से नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई और जनजागरण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। संकल्प पत्र भरकर प्रतिभागियों ने स्वस्थ और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का वचन भी दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कलानी ने कहा कि नशा व्यक्ति की सेहत, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति का सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम प्रभारी एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. महेंद्र राव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्ति को लेकर इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि यदि युवा पीढ़ी जागरूक हो जाए तो नशामुक्त और सशक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।
