मिठास के कारोबार में गैस का खेल! सिंगोली के मिष्ठान भंडार से 3 घरेलू सिलेंडर जब्त
नीमच/सिंगोली। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सिंगोली में कार्रवाई करते हुए जोधपुर मिष्ठान भंडार पर छापा मारा। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में घरेलू गैस के तीन सिलेंडर व्यवसायिक उपयोग में पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
शुक्रवार को तहसीलदार प्रेम शंकर पटेल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। निरीक्षण के दौरान घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जाना पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर तहसीलदार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों सिलेंडर जब्त कर लिए।
जब्त किए गए सिलेंडर दिनेश पिता वक्तावर सिंह की सुपुर्दगी में दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
