रतनगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लाख की 3 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  30 May, 2026
icon

नीमच-सिंगोली रोड पर नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता, प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई

नीमच। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3 किलो अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत, रतलाम रेंज डीआईजी के निर्देशन तथा नीमच पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों पर नजर रख रही थी।
पुलिस के अनुसार 29 मई को रतनगढ़ घाट के ऊपर नीमच-सिंगोली मार्ग स्थित नटखट बालाजी मंदिर के सामने आम रोड पर वाहन चेकिंग और नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3 किलो अवैध अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शांतिलाल पिता छोटूलाल भील (21 वर्ष) निवासी ग्राम गुजरों की मोरवन, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

जब्त सामग्री
3 किलो अवैध अफीम (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)
एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत करीब 7 हजार रुपये)
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अफीम की सप्लाई चेन और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में पूछताछ एवं जांच जारी है।

ऑपरेशन में इनकी रही अहम भूमिका 
इस कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए नशे के खिलाफ अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही।