नीमच प्रशासन में बड़ा फेरबदल: पराग जैन बने एसडीएम नीमच, कलेक्टर ने बदला डिप्टी कलेक्टरों का कार्य विभाजन
संजीव साहू को सौंपे गए पराग जैन के पूर्व दायित्व, चन्द्रसिंह धार्वे संभालेंगे डूडा की जिम्मेदारी
नीमच। जिले के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा (आईएएस) ने डिप्टी कलेक्टरों और राजस्व अधिकारियों के बीच कार्यों का नया विभाजन कर दिया है। इस संबंध में जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए यह फेरबदल किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार डिप्टी कलेक्टर पराग जैन को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम नीमच का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही वे अनुविभागीय दण्डाधिकारी नीमच के रूप में कार्य करेंगे। उनके पास नीमच अनुभाग के नजूल संबंधी कार्य, जिला सत्कार अधिकारी, कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी, जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग, डीएमएफ तथा कलेक्टर द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य दायित्व भी रहेंगे।
वहीं डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू को पराग जैन के पास पूर्व में रहे समस्त प्रशासनिक दायित्व, कार्यालयीन शाखाएं, जनगणना कार्य एवं अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वे अब इन सभी कार्यों का संचालन करेंगे।
इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर चन्द्रसिंह धार्वे को जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) का कार्यभार सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शेष कार्य विभाजन पूर्ववत यथावत रहेगा।
कलेक्टर द्वारा जारी इस आदेश को जिले के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। विशेष रूप से पराग जैन को एसडीएम नीमच की जिम्मेदारी सौंपे जाने को प्रशासनिक दृष्टि से अहम निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।
