सोनड़ी में आधी रात बंजारा परिवार पर धावा: घर में तोड़फोड़, जेवर-नकदी लूटने के आरोप से गांव में सनसनी
नीमच। रामपुरा तहसील के ग्राम सोनड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर बंजारा परिवार के घर पर आधी रात हुए कथित हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पीड़ित परिवार ने 30 से 40 लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़, लाखों रुपए की लूट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर शुक्रवार को परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित आनंद पिता वकील चावड़ा ने आवेदन में बताया कि 26 मई की रात करीब 12 बजे गांव के कई लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही जमकर उत्पात मचाया और पूरे घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
परिवार के अनुसार आरोपियों ने घर में रखे कूलर, फ्रिज, दरवाजे, खिड़कियां, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर और आटा चक्की सहित कई सामान को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, घर में रखी तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 5 तोला सोने के जेवर, 3 किलो चांदी और लगभग 2 लाख रुपए नकद ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के समय परिवार के सदस्य पुराने विवाद की शिकायत दर्ज कराने रामपुरा थाने गए हुए थे। इसी दौरान घर को निशाना बनाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि घर में बंधे गाय और बकरियों के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें खोलकर भगा दिया गया।
आनंद चावड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार परिवार को बंदूक से मारने और घर में जिंदा जलाने की धमकियां दे रहे हैं। घटना के बाद परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
पीड़ितों का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद सोनड़ी गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
