गांधी वाटिका बदलेगी नए स्वरूप में: सड़क चौड़ीकरण, हाईमास्ट और बड़ा योग स्थल जल्द मिलेगा शहरवासियों को

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  29 May, 2026
icon

नीमच। शहर की गांधी वाटिका को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सौंदर्यीकरण के साथ विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। नगर पालिका द्वारा गांधी वाटिका परिसर में सड़क चौड़ीकरण, योग स्थल विस्तार, हाईमास्ट लाइट और अन्य विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया गया। आने वाले दिनों में इन कार्यों की शुरुआत होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव चोपड़ा, महावीर जैन, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी तथा शुभ प्रभात योग मित्र मंडल के योग गुरु दिलीप चौधरी, शिव माहेश्वरी और मंडल अध्यक्ष अनिल सिंहल मौजूद रहे।

चर्चा के दौरान गांधी वाटिका में योग करने आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए योग स्थल को और विस्तारित करने पर सहमति बनी। साथ ही वर्तमान टीन शेड को भी बड़ा किया जाएगा, ताकि बारिश और अन्य मौसम में भी लोगों को सुविधा मिल सके।

नगर पालिका द्वारा परिसर में हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना भी तैयार की जा रही है। इससे रात के समय पर्याप्त रोशनी मिलने के साथ सुरक्षा और सौंदर्य दोनों में बढ़ोतरी होगी।

इसके अलावा गांधी हॉल से विजय टॉकीज मुख्य सड़क तक दोनों ओर करीब 5-5 फीट सड़क चौड़ीकरण कर डामरीकरण किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्र का स्वरूप भी अधिक आकर्षक दिखाई देगा।

नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि वार्ड क्रमांक-25 में भी कई विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। स्थानीय नागरिकों और योग मित्र मंडल के सदस्यों ने नगर पालिका की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इन कार्यों से गांधी वाटिका शहरवासियों के लिए और अधिक सुविधाजनक एवं आकर्षक बनेगी।