नीमच में सजने जा रहा आस्था का सबसे बड़ा दरबार, भागवत कथा से लेकर भूमिया सरकार तक गूंजेगा सिद्धेश्वर धाम

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  29 May, 2026
icon

नीमच। शहर अगले सात दिनों तक भक्ति, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक ऊर्जा के रंग में रंगने जा रहा है। स्कीम नंबर-36 ए स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 31 मई से 7 जून तक विशाल धार्मिक महोत्सव आयोजित होगा, जिसे लेकर पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बन चुका है। मंदिर परिसर को भव्य सजावट, रोशनी और धार्मिक स्वरूप से सजाया जा रहा है, वहीं आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखाई दे रहा है।

ग्वालियर चम्बल परिवार और धर्मप्रेमी नागरिकों के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा, भव्य कलश यात्रा, हवन-यज्ञ, भूमिया सरकार का दिव्य दरबार और विशाल महाप्रसादी जैसे कई बड़े धार्मिक आयोजन होंगे।

आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है। समिति के प्रमुख राधेमोहन शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, सुनील माहौर, धर्मेंद्र गुर्जर, विनोद त्रिपाठी, सुभाषचंद्र शर्मा, मनोज त्रिपाठी और सचिन शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कथा स्थल पर बैठने, पेयजल, पार्किंग और प्रसादी वितरण की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

31 मई को सुबह 8 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। यह यात्रा रोटरी क्लब के सामने स्थित महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में भगवा ध्वज, ढोल-ढमाके, बैंड-बाजे और जयघोषों के बीच हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहने की संभावना है। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल होंगी।

31 मई से 7 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा होगी। प्रसिद्ध कथावाचिका अनन्या शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भागवत के प्रसंगों का रसपान कराएंगी। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, मानवता और भक्ति का संदेश दिया जाएगा।

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 4 जून से 6 जून तक लगने वाला “भूमिया सरकार का दिव्य दरबार” रहेगा। इस दौरान श्री 1008 महामंडलेश्वर हरिओम दास जी महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे। आयोजन समिति के अनुसार अंचल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

इसके साथ ही 1 जून से 6 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे हवन और यज्ञ का आयोजन भी होगा। आयोजन समिति का कहना है कि यह धार्मिक अनुष्ठान क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना के लिए किया जाएगा।

सात दिवसीय इस विशाल धार्मिक महोत्सव का समापन 7 जून को पूर्णाहुति और विशाल महाप्रसादी के साथ होगा। इन दिनों सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर पूरी तरह भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है।