चार दिन तक मौत से लड़ता रहा युवक, आखिर जिंदगी हार गई... जहरीला पदार्थ निगलने के बाद अस्पताल में टूटी सांसें
नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम उचेड़ में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहरीला पदार्थ निगलने के बाद 28 वर्षीय युवक चार दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ता रहा, लेकिन आखिरकार उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद गांव में मातम और परिजनों में चीख-पुकार का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम उचेड़ निवासी मदनलाल पिता गंगाराम बंजारा ने 25 मई को अपने घर पर अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। जहरीला पदार्थ निगलने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख परिजन उसे तत्काल मनासा शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में पिछले चार दिनों से उसका इलाज चल रहा था। परिजन लगातार उसके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे उपचार के दौरान मदनलाल जिंदगी की जंग हार गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल नजर आया।
फिलहाल युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने के पीछे के कारण साफ नहीं हो सके हैं। मनासा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
