3 साल की मासूम बिछड़ी, पुलिस बनी फरिश्ता… रतनगढ़ थाना टीम ने परिवार से मिलाया
नीमच
29 May, 2026
नीमच । जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में मानवता और पुलिस की संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। ग्राम नीम का खेड़ा के पास एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची अपने माता-पिता से बिछड़ी हुई मिली। बच्ची बोलने में असमर्थ थी, जिससे वह अपना नाम और घर का पता भी नहीं बता पा रही थी।
सूचना मिलते ही डायल-112 और रतनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाने लाया गया। थाना प्रभारी बी.एल. भाबर के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास के गांवों और सोशल मीडिया ग्रुपों में बच्ची की जानकारी प्रसारित की।
पुलिस की तत्परता रंग लाई और ग्राम देहपुर से बच्ची के परिजन थाने पहुंचे। पहचान और सत्यापन के बाद मासूम बच्ची को सकुशल उसके परिवार को सौंप दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में रतनगढ़ थाना पुलिस और डायल-112 टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
