गोबर खाद के विवाद में “गांव बना रणभूमि”… सोनडी में पत्थर, लाठी और चीखों के बीच खूनी संघर्ष, महिलाएं भी घायल

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  29 May, 2026
icon

रामपुरा थाना क्षेत्र के सोनडी गांव में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक मोड़, कई लोग जिला अस्पताल रेफर… पीड़ित पक्ष बोला- आरोपी अब भी गांव में दहशत फैला रहे

नीमच। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनडी में गोबर खाद और रोडी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि पूरा गांव हिंसा की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव की गलियों में पत्थरबाजी, लाठी-डंडे और चीख-पुकार का माहौल बन गया। इस झड़प में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से राधाबाई पति गोमाजी बंजारा ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 26 मई की रात करीब 8 बजे उनके घर पर मेहमान आए हुए थे और भोजन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव में रोडी भरने और गोबर खाद हटाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दूसरे पक्ष के कई लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंच गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में गोमाजी, दलीचंद, राहुल, बालाबाई, केशूराम और रायसिंह सहित कई लोग घायल हुए हैं। महिलाओं को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को पहले रामपुरा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर कई लोगों को जिला चिकित्सालय नीमच रेफर करना पड़ा। बताया जा रहा है कि कुछ घायल पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी आरोपी पक्ष के लोग गांव में लाठियां और हथियार लेकर घूम रहे हैं तथा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। परिवार का कहना है कि गांव में भय का माहौल है और उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच भी चर्चा का माहौल गर्म है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।