तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों में नाराजगी, जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन
सीटू के बैनर तले पहुंचे कर्मचारी; समय पर भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट गहराया
नीमच। जिले में शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मल्टी टास्क स्टाफ कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने कहा कि नियमित सेवाएं देने के बावजूद समय पर भुगतान नहीं होने से वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के बैनर तले पहुंचे कर्मचारियों ने बताया कि वे जनवरी माह से लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल एक माह का ही वेतन मिला है, जबकि करीब तीन माह का भुगतान लंबित है। वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने बताया कि नियमानुसार प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन भुगतान होना चाहिए, लेकिन लगातार देरी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि एक ओर वे अस्पतालों में मरीजों की सेवा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वेतन नहीं मिलने के कारण कर्ज लेने की स्थिति बन रही है। कई कर्मचारियों ने घरेलू जरूरतों के लिए उधार लेने की मजबूरी जताई।
कर्मचारियों ने कलेक्टर से लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने और भविष्य में समय पर वेतन सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
