खेत उजाड़े, जान से मारने की धमकी”: नीमच में कथित हिस्ट्रीशीटर पर संगीन आरोप, न्याय नहीं मिला तो सामूहिक आत्मदाह की चेतावनी
नीमच। जिले के ग्राम झांझरवाड़ा-हरिपुरा क्षेत्र में भूमि विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक परिवार ने हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे व्यक्ति पर जबरन कब्जा करने, फसल नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, गोपाल पिता गिरधारीलाल माली, बगदीराम पिता गिरधारीलाल माली सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने बताया कि संबंधित कृषि भूमि उनके पिता द्वारा पूर्व में पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी गई थी, जिस पर वे लंबे समय से खेती कर रहे हैं। भूमि चीताखेड़ा-नीमच मुख्य मार्ग से लगी हुई है, जहां खेती के साथ फल एवं सब्जी विक्रय की गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
परिवार का आरोप है कि बंदोबस्त और नक्शा त्रुटि का लाभ उठाकर हिंगोरिया निवासी मुकेश नागदा उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उसे हिस्ट्रीशीटर और पूर्व में जिला बदर रह चुका बताया गया है।
पीड़ितों के मुताबिक 22 मई 2026 को आरोपी 40 से 50 लोगों के साथ ट्रैक्टर और जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा और खेत में बोई गई तिल एवं बाजरे की फसल को नुकसान पहुंचाया। साथ ही दुकानों और गुमटियों को तोड़ने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर जान से मारने, ट्रैक्टर चढ़ाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी द्वारा पुलिस और राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ होने की बात कही गई। परिवार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं, इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा जिला बदर की कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
