सिंगोली राजीव आवास कॉलोनी के गार्डन की भूमि पर अवैध प्लॉट नीलामी का विरोध, 120 कॉलोनीवासियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

  नीमच
  महेंद्र सिंह राठौड़
  22 May, 2026
icon

स्वीकृत नक्शे में गार्डन दर्ज होने के बावजूद नगर परिषद ने काटे 12 भूखंड, 23 मई तक टेंडर निरस्त नहीं हुआ तो 24 से धरने की चेतावनी

सिंगोली: नगर परिषद सिंगोली द्वारा राजीव आवास कॉलोनी में गार्डन हेतु आरक्षित शासकीय भूमि पर अवैध रूप से 12 आवासीय भूखंड काटकर ऑनलाइन नीलामी किए जाने के विरोध में गुरुवार को कॉलोनीवासियों ने तहसील कार्यालय का घेराव कर तहसीलदार को सामूहिक आपत्ति ज्ञापन सौंपा।

क्या है मामला:  
नगर परिषद ने 08 मई 2026 को विज्ञप्ति जारी कर राजीव आवास कॉलोनी में प्लॉट क्रमांक 228 से 239 तक के 12 भूखंडों की ई-नीलामी हेतु टेंडर आमंत्रित किए थे। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 23 मई 2026 शाम 6 बजे निर्धारित है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि जिन भूखंडों की नीलामी की जा रही है, वह समस्त भूमि कॉलोनी के शासन द्वारा स्वीकृत ले-आउट नक्शे में "गार्डन एवं कम्युनिटी हॉल" के लिए आरक्षित है। नगर परिषद द्वारा मूल स्वरूप को परिवर्तित कर सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर आवासीय भूखंड काट दिए गए हैं, जो म.प्र. नगर पालिका अधिनियम एवं कॉलोनी नियमों का उल्लंघन है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें:
1.  गार्डन की आरक्षित भूमि पर जारी नीलामी प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
2.  स्वीकृत नक्शे के अनुरूप उक्त भूमि को गार्डन के रूप में यथावत रखा जाए।
3.  सार्वजनिक भूमि पर अवैध भूखंड काटने के लिए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
4.  कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को वर्षों से लंबित पट्टे शीघ्र जारी किए जाएं।

120 से अधिक लोगों ने जताया विरोध:  
आपत्ति आवेदन पर कॉलोनी के 120 से अधिक भूखंड धारकों एवं रहवासियों ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार के समक्ष कॉलोनी का स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत कर बताया कि नक्शे में उक्त स्थान पर स्पष्ट रूप से गार्डन अंकित है।

प्रशासन को अल्टीमेटम:  
गार्डन के आसपास के प्लाट मालिक एवं कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 23 मई 2026 तक नीलामी निरस्त नहीं की गई तो 24 मई से तहसील कार्यालय सिंगोली के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री, कलेक्टर नीमच, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जावद एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिंगोली को भी प्रेषित की गई है।