नीमच में सियासी बवाल: राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर माधव मारू की शिकायत, विरोध में पुतला दहन और तीखा पलटवार, टीआई नीलेश अवस्थी कर रहे जांच 

  नीमच
  तबरेज अगवान 
  22 May, 2026
icon

रायबरेली के बयान की गूंज नीमच तक; विधायक माधव मारू का आवेदन, कांग्रेस का प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर बढ़ा टकराव

नीमच (तबरेज अगवान)। राष्ट्रीय राजनीति का असर अब जिले की सियासत में खुलकर दिखाई दे रहा है। रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें
“गद्दार” कहा।
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि
“ये लोग देश को बेचने और संविधान पर हमला करने का काम कर रहे हैं।”

इस बयान के बाद नीमच में राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया।

विधायक माधव मारू की शिकायत
राहुल गांधी के बयान के विरोध में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने थाना मनासा में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
अपने पत्र में उन्होंने कहा—
“देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।”

 रामपुरा में पुतला दहन, कांग्रेस का विरोध
विधायक के इस कदम के विरोध में रामपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए। देर रात कांग्रेस समर्थकों ने विधायक माधव मारू का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया—
“माधव मारू ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए यह कदम उठाया है, कांग्रेस इसका जोरदार विरोध करेगी।”

 राजेंद्र सिंह तोमर का सोशल मीडिया वार
मामले ने और तूल तब पकड़ा जब कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह तोमर ने सोशल मीडिया पर विधायक को लेकर लिखा—
“माधव मारू तेरे जैसे तो वहां उसके जूते के बराबर भी नहीं है।”

इस पोस्ट के बाद सियासी बयानबाजी और तेज हो गई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा—
“विधायक माधव मारू द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ थाने में दिया गया आवेदन सस्ती लोकप्रियता पाने का प्रयास है। कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी, जरूरत पड़ी तो जिलेभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।”

इस मामले में मनासा थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने कहा कि —
मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू की ओर से शिकायत पत्र मिला है। मामले में तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है बयान का भी अवलोकन किया जा रहा है। जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी जांच उपरांत की जाएगी।

 रायबरेली से दिया गया एक बयान अब नीमच में बहुस्तरीय सियासी टकराव में बदल चुका है। बयान .. शिकायत ..सड़क पर विरोध .. सोशल मीडिया वार। 

यह मामला दिखाता है कि राष्ट्रीय राजनीति की चिंगारी अब सीधे जिलों की सियासत में आग बन रही है।
 फिलहाल नीमच में सियासत उफान पर है—अब देखना होगा कि यह टकराव और बढ़ता है या प्रशासनिक स्तर पर थमता है।