घर में बारूद रखने की भूल न करें: गर्मी में पटाखे बने खतरा, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की सख्त अपील
बचे हुए दीपावली पटाखे तुरंत गोदाम में जमा करें, प्रशासन अलर्ट मोड पर
नीमच। गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच अब घरों में रखे पटाखे बड़ा खतरा बन सकते हैं। इसी को देखते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के नागरिकों को सख्त चेतावनी भरी अपील जारी की है। उन्होंने साफ कहा है कि दीपावली के बाद बचे हुए पटाखे किसी भी हालत में घरों में न रखें, बल्कि उन्हें अधिकृत फटाखा गोदामों में तुरंत जमा करवा दें।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में जरा सी लापरवाही आगजनी जैसी गंभीर घटनाओं को जन्म दे सकती है। ऐसे में घरों में पटाखे रखना सीधे तौर पर जोखिम को न्योता देना है।
प्रशासन ने अस्थायी फटाखा लाइसेंस धारकों को भी चेताया है कि वे अपने पास बचे स्टॉक को घरों में स्टोर न करें। सभी पटाखों को निर्धारित स्थाई गोदामों में सुरक्षित तरीके से जमा कर रसीद लेना अनिवार्य किया गया है।
इधर, सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और एसडीओपी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फटाखा दुकानों, गोदामों और अन्य विस्फोटक सामग्री के भंडारण स्थलों का नियमित संयुक्त निरीक्षण करें और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।
वहीं एसपी राजेश व्यास ने भी स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हर तीन महीने में विस्फोटक सामग्री और फटाखा गोदामों की नियमित जांच की जाए, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही सामने न आए।
स्पष्ट संदेश:
इस गर्मी में घर में रखा एक छोटा सा पटाखा भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है… सावधानी ही सुरक्षा है।
