सीआरपीएफ परिसर में हेड कांस्टेबल चालक की मौत, प्रमोशन कोर्स के दौरान बिगड़ी तबीयत
नीमच। सीआरपीएफ परिसर में प्रमोशन कोर्स के लिए आए एक हेड कांस्टेबल चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिसर सहित जिला चिकित्सालय में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान एन. रेघु पिता नील कुंदन (उम्र 57 वर्ष), निवासी एजम कुल्लन, केरला के रूप में हुई है। वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हेड कांस्टेबल चालक के पद पर पदस्थ थे और इन दिनों नीमच में आयोजित प्रमोशन कोर्स में भाग लेने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के करीब 3:45 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी जवानों द्वारा तत्काल उन्हें सीआरपीएफ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। बुधवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक स्वास्थ्य खराब होना बताया जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने अपने साथी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
