विधायक निधि के वाटर टैंकर में दूषित पानी, हजारों गैलन बर्बादी पर भड़के लोग

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  20 May, 2026
icon

नीमच। भीषण गर्मी और पानी की किल्लत के बीच मंगलवार को शहर के फव्वारा चौक पर नगर पालिका की गंभीर लापरवाही सामने आई। विधायक निधि से प्राप्त शुद्ध शीतल जल फिल्टर्ड मोबाइल प्योरीफायर एंड कूलिंग वाटर टैंकर में कथित रूप से ऐसे कुएं का पानी भरा गया, जिसे स्थानीय लोगों ने पीने योग्य नहीं बताया। इसके बाद टैंकर की सफाई के नाम पर हजारों गैलन पानी सड़कों पर बहा दिया गया, जिससे मौके पर मौजूद नागरिकों में आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार यह वाटर टैंकर लंबे समय से जिला अस्पताल परिसर में खड़ा था और हाल ही में इसका उपयोग शुरू किया गया है। वहीं शहर में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। आम नागरिक निजी टैंकर महंगे दामों पर मंगाने को मजबूर हैं, जबकि नगर पालिका में टैंकर बुकिंग भी दो-दो दिन बाद मिल रही है। ऐसे हालात में पानी की इस तरह बर्बादी ने लोगों में नाराजगी को और बढ़ा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब आसपास के लोगों ने टैंकर चालक और कर्मचारियों को पानी बहाने से रोका, तो चालक ने कथित रूप से तीखे अंदाज में जवाब दिया—“यह टैंकर विधायक जी का है, चाहे जितना पानी बहाएं।” इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। लोगों का कहना था कि टैंकर भले ही विधायक निधि से आया हो, लेकिन वह सार्वजनिक उपयोग के लिए है, किसी की निजी संपत्ति नहीं।

घटना के फोटो और वीडियो स्थानीय लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। नागरिकों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।