सार्वजनिक टिन शेड को लेकर मेघवाल समाज में विवाद गहराया, झूठी शिकायत व सोशल मीडिया दुरुपयोग पर जांच की मांग
नीमच। जिले की मनासा तहसील अंतर्गत ग्राम खजूरी में मेघवाल समाज की सार्वजनिक संपत्ति को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में समाजजन जिला जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, झूठी शिकायतों पर कार्रवाई तथा सोशल मीडिया के कथित दुरुपयोग पर सख्त कदम उठाने की मांग की।
समाजजनों ने अपने आवेदन में बताया कि गांव में समाज के सहयोग से विवाह, मौसर एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक सार्वजनिक टिन शेड का निर्माण कराया गया था, जिसका उपयोग लंबे समय से समाज के लोग करते आ रहे हैं। लेकिन अब इस उपयोग को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है।
आवेदन में आरोप लगाया गया कि चेनराम मेघवाल, सीमा मेघवाल और रूपलक्ष्मी मेघवाल द्वारा समाज के लोगों को टिन शेड में बैठने एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने से रोका जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि संबंधित लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं फर्जी वीडियो प्रसारित कर समाज की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इन वीडियो के आधार पर पुलिस थाना मनासा में शिकायत दर्ज होने से समाज के कई लोगों को कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वे मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं।
आवेदन में यह भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक कुएं में गंदगी डालकर पानी को दूषित किया जा रहा है तथा सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
मेघवाल समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चेनराम मेघवाल, सीमा मेघवाल, रूपलक्ष्मी मेघवाल सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
