निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का शुभारंभ, स्वर्णकार धर्मशाला में 23 मई तक आयोजित

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  19 May, 2026
icon

नीमच। स्वर्णकार धर्मशाला नीमच में दिव्यांगता मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत परमार्थ निकेतन ऋषिकेश एवं महावीर सेवा सदन कोलकाता के सहयोग से श्री अंबामाता आरोग्य आश्रम सेवा न्यास निपानिया, अन्नपूर्णा सेवा न्यास नीमच तथा जायंट्स ग्रुप ऑफ इंदौर द्वारा दिव्यांगजनों के लिए आयोजित पाँच दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स वितरण शिविर का शुभारंभ 19 मई को हुआ।

शिविर का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर धन्वंतरि स्तवन के साथ किया गया।

स्वागत उद्बोधन में अन्नपूर्णा सेवा न्यास नीमच के संयोजक श्री राकेश पप्पू जैन ने सभी अतिथियों, दिव्यांगजनों एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिविर सेवा परमो धर्म के सिद्धांत पर कार्य करते हुए अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के माध्यम से सक्षम बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा न्यास मानव सेवा के प्रत्येक कार्य को पूरी निष्ठा के साथ करता है और यह शिविर दिव्यांगता मुक्त भारत अभियान में एक सार्थक कदम साबित होगा।

परम पूज्य गुरुवर महामंडलेश्वर श्री 1008 सुरेशानंद सरस्वती ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इस शिविर में पहुंचकर कृत्रिम अंगों के माध्यम से शारीरिक रूप से सक्षम बनें।

महावीर सेवा सदन कोलकाता के डॉ. प्रभाकर ने बताया कि इस पाँच दिवसीय शिविर में कृत्रिम हाथ, पैर एवं कैलिपर्स लगाए जाएंगे और यह दिव्यांगता मुक्त भारत अभियान में एक महत्वपूर्ण चरण सिद्ध होगा।

इस अवसर पर आरोग्य भारती मालवा प्रांत सह सचिव डॉ. आशीष जोशी (उषा चिकित्सालय नीमच), आरोग्य भारती जिला अध्यक्ष  अजय भटनागर, अम्बा माता आरोग्य आश्रम सेवा न्यास निपानिया के अध्यक्ष शैलेंद्र तोलानी एवं सचिव सुधा महावर मंचासीन रहे और सभी ने शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन रासेयो जिला संगठक प्रो. आशीष कुमार सोनी ने किया तथा आभार श्री ज्ञानचंद कान्हा ने माना।

यह शिविर 19 से 23 मई तक प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित रहेगा।