कृषि भूमि से अवैध मिट्टी खनन का आरोप, किसान ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  19 May, 2026
icon

नीमच। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जावद तहसील अंतर्गत ग्राम खेड़ा बांगरेड़ निवासी नाथु बंजारा ने अपनी कृषि भूमि से अवैध मिट्टी खनन कर बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रार्थी ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।

नाथु बंजारा पिता गोरा बंजारा ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई उर्फ लच्छीबाई के नाम से ग्राम तिलसांवरा, तहसील मनासा में कृषि भूमि दर्ज है। इसके साथ ही ग्राम बांगरेड़ के खेड़ा क्षेत्र में परिवार की पैतृक कृषि भूमि भी स्थित है, जिसे वर्षों की मेहनत और लागत से उपजाऊ बनाया गया था।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम मालखेड़ा निवासी कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि से अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर उसे बेचा गया। इस दौरान खेत की जमीन को गहराई से खोद दिया गया, जिससे पूरी भूमि गड्ढों में तब्दील होकर खेती के लायक नहीं बची है।

शिकायत में राजू पिता मंसा बंजारा सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए भूमि को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रार्थी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध मिट्टी खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, साथ ही भूमि को हुए नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा भी दिलाया जाए।