जिला प्रशासन नीमच ने दिया ईंधन बचत का सशक्त संदेश, कलेक्टर सहित सभी जिला अधिकारी एक ही बस से रात्रि चौपाल के लिए रवाना

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  18 May, 2026
icon

नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन नीमच ने एक अनुकरणीय पहल की है।
सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी एक ही यात्री बस में सवार होकर ग्राम दलपतपुरा, तहसील जीरन में आयोजित रात्रि चौपाल के लिए नीमच से रवाना हुए। इस पहल का उद्देश्य ईंधन संरक्षण, शासकीय व्यय में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने बताया कि शासन के ईंधन संरक्षण अभियान को व्यवहारिक रूप से लागू करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग वाहनों के स्थान पर सामूहिक यात्रा से न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
रात्रि चौपाल में कलेक्टर एवं सभी जिला अधिकारी ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही निराकरण की कार्यवाही करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्ट्रेट नीमच से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने यात्री बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे तथा अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश सहित अन्य अधिकारी एक ही बस में सवार होकर दलपतपुरा के लिए रवाना हुए।
इस पहल को जिले में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम के रूप में देखा जा रहा है।