नीमच में अतिक्रमण पर गरज उठा बुलडोजर, नालों पर कब्जे तोड़े, ठेलों पर भी कार्रवाई
नीमच। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका और प्रशासनिक टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नालों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में टीम बस स्टैंड क्षेत्र पहुंची, जहां नालों के ऊपर और आसपास किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इस दौरान करीब 4 से 5 गुमटी धारकों के अवैध निर्माण तोड़े गए, जो नाला निर्माण में बाधा बन रहे थे।
कार्रवाई से पहले अंबेडकर मार्ग पर भी ठेला संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई जगह चालानी कार्रवाई की गई, वहीं कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं और संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस देकर समझाइश दी गई थी। बावजूद इसके जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सख्ती बरती गई।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों और नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
