महू-नीमच हाईवे पर खौफनाक टक्कर: स्पीड ब्रेकर बना मौत का जाल, चालक के दोनों पैर कटे

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  18 May, 2026
icon

नीमच: महू-नीमच हाईवे पर नयागांव के पास रविवार देर रात एक ऐसा भीषण हादसा हुआ, जिसने राहगीरों की रूह कंपा दी। स्पीड ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाते ही पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर काल बनकर ट्रक में घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक पलट गया और दूसरे का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक हादसे में चालक बुरी तरह फंस गया, जिसे केबिन काटकर बाहर निकालना पड़ा।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 11 बजे कानका फटे के पास हुआ। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सरिया भरकर निंबाहेड़ा जा रहा ट्रक (क्रमांक RJ 06 GD 4598) स्पीड ब्रेकर के पास धीमा हुआ ही था कि पीछे से आ रहा कंटेनर (क्रमांक HR 55 AW 8444) तेज रफ्तार में सीधे उसमें जा घुसा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घायल की पहचान मदनलाल पिता बरदा जी गुर्जर (21 वर्ष), निवासी भीलवाड़ा, थाना बीगोद के रूप में हुई है। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए, साथ ही सिर और हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
सूचना मिलते ही नयागांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया। हाईवे पर देर तक जाम जैसे हालात बने रहे।

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्पीड ब्रेकर पर हादसा हुआ, वहां न तो पर्याप्त रिफ्लेक्टर थे और न ही कोई चेतावनी संकेत। अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन चालक को ब्रेकर का अंदाजा तक नहीं लगा—और यही चूक इस खौफनाक हादसे की वजह बन गई।
अब बड़ा सवाल यही है—
क्या बिना संकेत वाले स्पीड ब्रेकर यूं ही मौत का जाल बनते रहेंगे?