नीमच में भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन संगठनात्मक मजबूती पर मंथन, सात सत्रों में नेताओं ने दिया मार्गदर्शन

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  17 May, 2026
icon

नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन शनिवार को होटल देव रेजिडेंसी में सात महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक अधिष्ठान और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ध्वज वंदन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया। उद्घाटन सत्र में भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। वर्ग गीत का संचालन कार्यालय मंत्री विनोद नागदा ने किया तथा वंदे मातरम् का गायन  हेमलता धाकड़ ने किया।

प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा जिलाध्यक्ष  वंदना खंडेलवाल, सांसद सुधीर गुप्ता, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक अनिरुद्ध माधव मारु, जिला प्रशिक्षण प्रभारी हरिराम शाह, नगर पालिका अध्यक्ष  स्वाति चोपड़ा, वर्ग प्रभारी नरेंद्र मालवीय एवं सह प्रभारी राकेश पप्पू जैन सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं को सतत प्रशिक्षण और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश दिया। प्रथम सत्र में सांसद सुधीर गुप्ता ने संगठन की मजबूती, देश की चुनौतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

दूसरे सत्र में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और जनसंपर्क की भूमिका पर विचार रखे। तीसरे सत्र में पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ ने भाजपा की विचारधारा पर मार्गदर्शन दिया। चौथे सत्र में विजय अटवाल ने कार्य विस्तार योजना पर चर्चा की।

पांचवे सत्र में मदनलाल राठौर ने एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंच निष्ठाओं पर प्रशिक्षण दिया। छठे सत्र में विधायक आशीष शर्मा ने बूथ प्रबंधन, मन की बात और आईटी सोशल मीडिया की भूमिका पर जानकारी दी। अंतिम सत्र में प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने संगठनात्मक कार्यशैली और व्यवहारिक प्रशिक्षण पर मार्गदर्शन दिया।

रात्रि में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ तथा भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था स्थल पर ही की गई। प्रशिक्षण वर्ग का समापन रविवार को पांच सत्रों के साथ होगा।