मंदसौर पुलिस की बड़ी सफलता, नाहरगढ़ थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय लच्छु गैंग के चार शातिर डकैतों को गिरफ्तार कर 37 लाख का मशरूका किया जब्त

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  17 May, 2026
icon

मंदसौर। मंदसौर जिले के थाना नाहरगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय कुख्यात “लच्छु गैंग” के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह कई राज्यों में मात्र कुछ ही मिनटों में ग्रिल काटकर डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम देने में माहिर था। गिरोह द्वारा देश के कई राज्यों में आपराधिक घटनाएं की गई थीं।

दिनांक 16.05.26 को थाना नाहरगढ़ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि यह गिरोह क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है और सुनसान स्थान पर एकत्रित है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर घेराबंदी करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में वारदात करना स्वीकार किया गया है, जिनमें पंजाब, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, केरल, असम सहित अन्य राज्य शामिल हैं।

गिरोह द्वारा हरदा, इंदौर, बड़वानी, खंडवा, देवास, कटनी, भोपाल, ग्वालियर, रतलाम, रायसेन सहित कई स्थानों पर भी वारदातें की गई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल लगभग 37 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये है तथा एक फोर व्हीलर वाहन जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये है शामिल है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से मास्क, ग्लब्स, प्लास्टिक पेचकस, इलेक्ट्रॉनिक कटर और अन्य चोरी में उपयोग होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

गणेश उर्फ गणपत पिता दितीया, निवासी रंजीतगढ़ थाना बोरी जिला अलीराजपुर, कैलाश उर्फ बिशन पिता दितीया, निवासी रंजीतगढ़ थाना बोरी जिला अलीराजपुर,छोटू पिता रेवसिंह, निवासी नरवाली थाना टांडा जिला धार, दिनेश उर्फ महेश पिता लक्ष्मण अनारे, निवासी भिलवंती थाना बाग जिला धार।

पुलिस ने थाना नाहरगढ़ पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पूछताछ में आरोपियों ने कई राज्यों में की गई वारदातों का खुलासा किया है, जिसकी जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी, उपनिरीक्षक कन्हैयालाल यादव, आरक्षक एवं साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा।