मनासा में शव रखकर 2.30 घंटे चक्का जाम: युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, पेड़ पर लटका मिली लाश
नीमच। जिले के मनासा में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने शव को मनासा मंदसौर नाके पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जो करीब ढाई घंटे तक चला और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजमल पिता रामकिशन धनगर निवासी महागढ़ थाना मनासा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजमल का पिछले कुछ दिनों से अपने ही समाज के एक पड़ोसी से विवाद चल रहा था। इस संबंध में पहले थाने में शिकायत और गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
शनिवार को राजमल का शव एक आम के पेड़ से लटका हुआ मिला, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मनासा थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश शुरू की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसडीओपी सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया।
करीब 2 घंटे 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने जाम खुलवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों को लेकर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस मामलें में मनासा एसडीएम किरण आंजना ने कहा की काफी मशक्कत और समझाईश के बाद चक्काजाम खुलवाया गया है। परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है, और नियमानुसार जो भी मुआवजा होगा दिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह आत्महत्या है या हत्या? लेकिन घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।
