नीमच में ‘रतन स्वीट्स’ पर ताबड़तोड़ छापा:एक्सपायरी माल परोसा जा रहा था,दुकान सील होते ही मचा हड़कंप
चोपड़ा चौराहा बना तमाशा-स्थल, गंदगी के बीच मिल रहा था खराब माल, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
नीमच। शहर के बीचों-बीच मशहूर नाम के पीछे छिपा गंदगी और लापरवाही का काला सच आखिर सामने आ ही गया। कलेक्टर के सख्त निर्देश पर प्रशासन ने जब औचक छापा मारा, तो हालात देखकर खुद अधिकारी भी दंग रह गए—जहां लोगों को स्वाद के नाम पर सीधा स्वास्थ्य से खिलवाड़ परोसा जा रहा था।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खाद्य विभाग, नगरपालिका और प्रशासनिक अमले ने गुरुवार को संयुक्त रूप से शहर के व्यस्ततम चोपड़ा चौराहा स्थित रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जो सामने आया, उसने पूरे शहर को चौंका दिया।
टीम को मौके पर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री मिली। इसमें मावा, आइसक्रीम, ब्रेड, मिठाइयां और आचार जैसे रोजमर्रा के खाने के सामान शामिल थे, जिन्हें खुलेआम ग्राहकों को बेचा जा रहा था। यही नहीं, दुकान के भीतर चारों ओर गंदगी का अंबार और बेहद खराब स्वच्छता व्यवस्था भी पाई गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक पूरी तरह घबराया नजर आया और लगातार अधिकारियों को सफाई देता रहा। इस दौरान मौके पर तीखी बहस भी देखने को मिली।
छापे की खबर फैलते ही चोपड़ा चौराहा पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीर रुक-रुक कर कार्रवाई देखते रहे, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
इस पूरे ऑपरेशन में एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, सीएमओ दुर्गा बामनिया, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी और यशवंत शर्मा सहित नगरपालिका और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।
खबर लिखे जाने तक मौके पर जांच और कार्रवाई जारी थी।
शहर के नामी प्रतिष्ठानों पर इस तरह की कार्रवाई ने साफ कर दिया है—अब लापरवाही और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा कस चुका है।
SDM संजीव साहू का वर्जन:
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री पाई गई, जो सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा है। मौके पर गंभीर अनियमितताएं और गंदगी मिलने के कारण प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील किया गया है। संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आगे भी शहर में ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
CMO दुर्गा बामनिया का वर्जन:
नगरपालिका की स्वास्थ्य टीम ने निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की बेहद खराब स्थिति पाई। खाद्य सामग्री अत्यंत अस्वच्छ वातावरण में रखी गई थी, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। शहर में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सख्ती से निगरानी की जा रही है और आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
