जादूटोना से सोना दिलाने का झांसा, 13.80 लाख की ठगी—सीतामऊ का आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर | मंदसौर जिले में जादूटोना के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने एक महिला को सोने के बिस्किट दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 13 लाख 80 हजार रुपए ऐंठ लिए।
घटना का विवरण:
पीड़िता, जो सिलाई-कढ़ाई का काम करती है, आरोपी के संपर्क में आई थी। आरोपी भूरू खां पिता नन्हे खां उम्र लगभग 42 वर्ष निवासीअरगढा बस्ती, सीतामऊ, जिला मंदसौर ने खुद को तांत्रिक बताकर महिला को विश्वास दिलाया कि वह जादूटोना के जरिए उसके घर से सोने के बिस्किट निकाल सकता है। इस लालच में आकर महिला ने जून 2025 से नवंबर 2025 के बीच आरोपी को अलग-अलग किश्तों में कुल 13 लाख 80 हजार रुपए दे दिए।
आरोपी ने महिला के घर जाकर जादूटोना का नाटक भी किया और उसे कुछ तथाकथित ‘सोने के बिस्किट’ देकर भरोसा जीत लिया। साथ ही यह भी कहा कि इन बिस्किटों को बाजार में न बेचें, अन्यथा पुलिस पकड़ सकती है—बाद में वह खुद इन्हें बिकवाएगा।
ऐसे खुला ठगी का राज:
कुछ समय बाद जब महिला को शक हुआ, तो उसने बिस्किटों को एक व्यापारी को दिखाया। जांच में वे नकली निकले और पीतल के पाए गए। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया और फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई:
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली मंदसौर में अपराध क्रमांक 320/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से तीन अन्य नकली पीतल के बिस्किट भी बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितने लोगों को इस तरह ठगा है और ठगी की राशि का क्या किया।
पुलिस टीम:
कार्रवाई थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई, जिसमें उपनिरीक्षक विजय पुरोहित, प्रधान आरक्षक रामनारायण नागदा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
