नीमच में शनि जन्मोत्सव की धूम, महेश सर्कल स्थित मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  15 May, 2026
icon

नीमच।  शहर के महेश सर्कल के समीप स्थित प्रसिद्ध श्री शनि मंदिर में न्याय के देवता भगवान श्री शनि महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म लाभ लिया।
आयोजन के पहले दिन मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की और भगवान शनि महाराज के दर्शन किए।
मंदिर के पुजारी राधेश्याम जोशी एवं सह पुजारी ईश्वर सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शनि जन्मोत्सव विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि शनिवार 16 मई को मुख्य आयोजन होंगे, जिनमें सुबह 7 बजे से भगवान श्री शनि महाराज का अभिषेक, हवन, विशेष श्रृंगार और मंदिर शिखर पर ध्वजा अर्पण किया जाएगा। इसके साथ ही दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और झांकियों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शनिवार शाम 7 बजे ढोल-ढमाकों और भक्ति संगीत के साथ भगवान शनि महाराज की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक राजू राजस्थानी एवं भगवत सुथार अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।