कलश यात्रा के साथ नीमच में शिव महापुराण कथा का आगाज़, 17 मई से शुरू होगा सप्त दिवसीय भक्ति आयोजन

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  15 May, 2026
icon

नीमच। पावन पुरुषोत्तम मास के अवसर पर ज्येष्ठ शुक्ल प्रतिपदा से शहर के न्यू इन्द्रानगर क्षेत्र में शिव महापुराण कथा का संगीतमय आयोजन किया जा रहा है। विजडम स्कूल के पास श्री कृष्णा ब्लॉक गार्डन में होने वाले इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 17 मई को प्रातः 7 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी।
कलश यात्रा कपिश्वर महादेव एवं त्रयम्बकेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ इन्द्रानगर स्थित आयोजन स्थल तक पहुंचेगी। इसके बाद हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
आयोजन के तहत प्रतिदिन शाम 7 बजे शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन पंडित राजेंद्र जी पुरोहित (पुजारी, श्री सांवलिया सेठ मंदिर, नीमच सिटी) के मुखारविंद से होगा। यह कथा 23 मई तक चलेगी, जिसमें शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन संगीत के साथ किया जाएगा।

20 मई को शाम 7 बजे शिवजी की बारात चमत्कारी बालाजी मंदिर एवं सिद्धिविनायक गणेश मंदिर से निकाली जाएगी, जो डीजे और ढोल-धमाकों के साथ कृष्णा गार्डन पहुंचेगी। यहां शिव-पार्वती विवाह का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा।

कार्यक्रम का समापन 24 मई को प्रातः 10 बजे महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा शहर में घर-घर जाकर आमंत्रण दिया जा रहा है और अब तक बड़ी संख्या में आमंत्रण पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

इस संबंध में जानकारी भोलेनाथ सेवा समिति के सदस्य अरुण श्रीवास्तव एवं नंदकिशोर खुन्तवाल ने दी।