भीषण गर्मी में इंसानियत की ठंडक: दाऊदी बोहरा समाज ने 1500 लोगों को पिलाया शरबत, पक्षियों की भी बुझाई प्यास
नीमच। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां लोग लू और तपिश से जूझ रहे हैं, वहीं दाऊदी बोहरा समाज ने सेवा और संवेदनशीलता का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। गुरुवार को “बीट द हीट - गर्मी को हराएं” अभियान के तहत समाज द्वारा शहर में राहत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को ठंडा शरबत वितरित किया गया।
धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के मार्गदर्शन से प्रेरित इस अभियान को तोलोबा उल-कुल्लियात इल-मुमेनून संस्था द्वारा संचालित किया गया। भारत माता चौराहा स्थित फोर जीरो क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राहगीरों, मजदूरों, वाहन चालकों सहित आम नागरिकों को शरबत पिलाकर गर्मी से राहत दी।
संस्था की ओर से लगभग 300 लीटर शरबत तैयार किया गया, जिससे 1500 से अधिक लोगों को राहत पहुंचाई गई। तेज गर्मी के बीच इस पहल को लोगों ने खूब सराहा और इसे मानव सेवा का सच्चा उदाहरण बताया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि संस्था ने केवल मानव सेवा तक ही सीमित न रहते हुए बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने का भी जिम्मा उठाया। शहर के विभिन्न स्थानों पर 50 सकोरे वितरित कर उनमें पानी भरवाया गया, ताकि गर्मी में पक्षियों को भी राहत मिल सके।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार भी मौके पर पहुंचे और इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि “बीट द हीट” अभियान के तहत गर्मी के पूरे सीजन में शरबत वितरण, ठंडा पेयजल, छाया व्यवस्था और केयर किट जैसी गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।
