सावधान ! 'शादी डॉट कॉम' के जरिए ठगी: लंदन में जॉब बताकर युवती के परिवार को जाल में फंसाया, 2.33 लाख की 'डिजिटल डकैती'
नीमच। (कपिल सिंह चौहान) डिजिटल दौर में जहां जीवनसाथी की तलाश ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर आसान हुई है, वहीं शातिर ठगों ने इसे ठगी का नया हथियार बना लिया है। नीमच की शिक्षित युवती के साथ मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 2 लाख 33 हजार रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को लंदन का निवासी बताकर और महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुआ 'ठगी का खेल'
नीमच निवासी 24 वर्षीय आयशा खान (परिवर्तित नाम), जो कि एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं ने पुलिस को आपबीती सुनाई। आयशा के पिता ने उनका बायोडाटा 'Shaadi.com' पर डाल रखा था। 18 अप्रैल 2025 को अज्ञात आरोपी (मो. 7348525739) का मैसेज आया। उसने खुद को दिल्ली का निवासी बताया और वर्तमान में लंदन में कार्यरत होना जाहिर किया। कुछ दिनों की बातचीत में लड़के वालो ने कहा कि हमारी तरफ से रिश्ता पक्का है... विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने एक महिला को अपनी 'मम्मी' बताकर आयशा और परिवार से बात भी कराई, जिससे आयशा ने रिश्ते पर भरोसा कर लिया।
गिफ्ट का झांसा और स्टेप-बाय-स्टेप वसूली
रिश्ता पक्का होने का नाटक करते हुए आरोपी ने 20 अप्रैल 2026 को कहा कि वह आने में समय लेगा, इसलिए वह आयशा के लिए गोल्ड नेकलेस, डायमंड रिंग और आईफोन भेज रहा है। इसके बाद ठगी का सिलसिला चालु हुआ.
22 अप्रैल सुबह गवर्नमेंट टैक्स के नाम पर कथित 'डिलीवरी बॉय' का फोन आया और पार्सल छुड़ाने के नाम पर 10,100 रुपये क्यूआर कोड के जरिए ऐंठ लिए। उसी दिन 10:40 बजे के नाम पर फिर फोन आया और स्कैनिंग के नाम पर 28,000 रुपये और मांगे गए। दोपहर 11:50 बजे डीएचएल एक्सप्रेस के नाम से एक फर्जी लेटर भेजकर 55,000 रुपये वसूले गए। चूँकि गोल्ड नेकलेस, डायमंड रिंग और आईफोन जैसे उपहारों की कीमत लाखो में होती है. ऐसे में पीड़ित परिवार ‘नकली दुल्हे’ के झांसे में आता रहा और दोपहर 01:00 बजे आरोपी ने भावनात्मक ब्लैकमेल करते हुए पार्सल को 'पुश्तैनी' बताते हुए छुड़वाने के लिए और 75,000 रुपये डलवा लिए. (जिसमें से 60,000 रुपये एसबीआई बैंक खाते जो किसी अमित कुमार दीपांकर के नाम से है और 15,000 सहेली के माध्यम से ट्रांसफर हुए।
इसके बाद दोपहर 03:30 बजे कस्टम में डायमंड रिंग पकड़े जाने का डर दिखाकर अलग-अलग क्यूआर कोड पर 65,000 रुपये और लिए गए।
वीडियो भेजकर डराया, पुलिस के नाम पर दी चुनौती
जब आयशा ने और पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक वीडियो भेजा, जिसमें एयरपोर्ट पर सामान पकड़े जाने का नाटक किया गया था। आयशा को शक होने पर जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की बात कही, तब ठग ने बेखौफ होकर कहा कि "पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी, ऐसी रिपोर्ट उनके पास रोज आती हैं।"
कुल 2,33,100 की ठगी, पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए थाने पहुंचकर पूरे साक्ष्य (ट्रांजैक्शन डिटेल और व्हाट्सएप चैट) पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पाठको से निवेदन है की किसी भी मैट्रिमोनियल साइट पर अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए महंगे गिफ्ट के लालच में न आएं। सीमा शुल्क (Customs) या टैक्स के नाम पर व्यक्तिगत खातों में पैसे मांगना ठगी का स्पष्ट संकेत है।
