हर बार इस्तीफा, फिर यू-टर्न, नूरी खान का नया ऐलान, सियासत गरम, फिर वही दांव फिर वही स्टंट... जानिए मामला 

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  14 May, 2026
icon

नीमच/भोपाल। कांग्रेस नेत्री नूरी खान ने एक बार फिर अपने सभी पदों और दायित्वों से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने पारिवारिक और निजी कारणों का हवाला देते हुए सक्रिय जिम्मेदारियों से हटने की बात कही है, हालांकि विचारधारा से जुड़े रहने का संकेत भी दिया है।
नूरी खान ने लिखा है कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर वह दोबारा पार्टी की सेवा करने का प्रयास करेंगी। साथ ही समरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बीच जुड़े रहने की बात भी दोहराई है। 

नूरी खान का नीमच ज़िले से भी खास जुड़ाव रहा। वह बीते विधानसभा चुनाव में नीमच जिला प्रभारी के पद पर रहते हुए काफी सुर्खियों में रही और तीखी बयानबाजी के कारण अक्सर चर्चा में रहती है। 

लेकिन इस ताजा इस्तीफे के साथ ही एक बार फिर वही सवाल खड़ा हो गया है कि क्या यह फैसला स्थायी है या पहले की तरह कुछ समय बाद वापसी देखने को मिलेगी?

दरअसल, नूरी खान के इस्तीफों का इतिहास खुद कई सवाल खड़े करता है।
दिसंबर 2021 में उन्होंने मुस्लिम उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सभी पदों से इस्तीफे का ऐलान किया था, लेकिन कुछ ही घंटों में वरिष्ठ नेतृत्व और कमलनाथ से बातचीत के बाद फैसला वापस ले लिया।

फरवरी 2024 में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष, नीमच प्रभारी और महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष पद छोड़े, तब उन्होंने सामान्य सदस्य बने रहने की बात कही थी।

अगस्त 2025 में एक बार फिर स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफे का ऐलान किया गया।
अब 2026 में फिर वही फैसला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि बार-बार इस्तीफा और फिर वापसी की यह रणनीति क्या सिर्फ व्यक्तिगत परिस्थितियों का नतीजा है, या इसके पीछे पार्टी में अपनी पकड़ और पूछ-परख या प्रेशर पॉलिटिक्स बनाए रखने की कोशिश भी शामिल है।

फिलहाल, नूरी खान का यह नया इस्तीफा कितना स्थायी साबित होगा, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा। लेकिन इतना जरूर है कि हर बार की तरह इस बार भी उनके फैसले ने सियासी हलकों में हलचल जरूर बढ़ा दी है।