नीमच में कलयुगी बेटे ने की माँ की हत्या! स्टील के कड़े से किए ताबड़तोड़ वार… अदालत ने सुनाई उम्रकैद की सजा, जानिए पूरा मामला

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  14 May, 2026
icon

नीमच /  जिले के मनासा से एक ऐसी खबर सामने आई है… जिसे सुनकर हर किसी का दिल दहल जाएगा…
एक मां… जिसने अपने बेटे को बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया… उसी बेटे ने शराब और गुस्से में अपनी ही मां की हत्या कर दी…
और अब… करीब 5 साल बाद अदालत ने आरोपी बेटे को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

मनासा के द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश आशुतोष यादव की अदालत ने आरोपी कैलाश सेन को धारा 302 के तहत दोषी मानते हुए आजीवन कारावास और 1000 रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।

पूरा मामला मनासा तहसील के ग्राम चपलाना का है…घटना 23 फरवरी 2021 की रात करीब 11 बजे की बताई गई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी कैलाश सेन शराब पीने का आदी था… गांव में आए दिन झगड़ा, मारपीट और उत्पात करता था…
इतना ही नहीं… पत्नी भी मारपीट से परेशान होकर कई साल पहले मायके चली गई थी…

परिवार के लोग आरोपी के आतंक से इतने परेशान हो चुके थे कि उसके पिता, भाई और अन्य सदस्य गांव छोड़कर दूसरे गांव में रहने चले गए…लेकिन मां… सोहनबाई… अपने बेटे को छोड़कर नहीं गई…
वो उसी बेटे के साथ घर में रहती रही…शायद उसे उम्मीद थी कि एक दिन उसका बेटा सुधर जाएगा…

लेकिन किसे पता था…जिस बेटे के लिए मां ने सब सहा… वही उसकी मौत की वजह बन जाएगा…

घटना वाली रात आरोपी कैलाश ने अपनी मां के सिर और कनपटी पर स्टील के कड़े से हमला कर दिया…
हमला इतना गंभीर था कि मां लहूलुहान होकर गिर पड़ी…

बाद में खुद आरोपी ने ही परिवार को सूचना दी…100 डायल की मदद से घायल मां को पहले मनासा अस्पताल और फिर उदयपुर रेफर किया गया…लेकिन इलाज के दौरान सोहनबाई ने दम तोड़ दिया…

पुलिस जांच में हत्या में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा भी जब्त किया गया…
वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में चालान पेश किया…

विचारण के दौरान अपर लोक अभियोजक गुलाबसिंह चंद्रावत द्वारा गवाहों और सबूतों के जरिए अदालत को बताया कि आरोपी लगातार हिंसक व्यवहार करता था और अपनी मां के साथ भी मारपीट करता था…

आखिरकार… अदालत ने इस जघन्य हत्या को गंभीर अपराध मानते हुए आरोपी बेटे को उम्रकैद की सजा सुना दी…

ये कहानी सिर्फ एक हत्या की नहीं…ये उस मां के टूटे भरोसे की कहानी है…जो आखिरी सांस तक अपने बेटे को नहीं छोड़ सकी…
लेकिन उसी बेटे ने उसकी जिंदगी छीन ली…।