मदर्स डे पर सेवा और सम्मान: महावीर इंटरनेशनल ने बांटी 50 बेबी किट, महिला कर्मचारियों का किया अभिनंदन
नीमच | मदर्स डे के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल नीमच द्वारा जिला चिकित्सालय में सेवा और सम्मान से जुड़ा भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नवजात शिशुओं के लिए 50 हाइजेनिक बेबी किट वितरित की गईं, वहीं अस्पताल में सेवा दे रही 5 महिला कर्मचारियों को माला, दुपट्टा और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मातृत्व और महिला सम्मान का संदेश देते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिला चिकित्सालय का यह वार्ड केवल उपचार का स्थान नहीं, बल्कि जीवन की शुरुआत का केंद्र है—जहां माताएं और नवजात शिशु रहते हैं और यहां कार्यरत महिला कर्मचारी दिन-रात सेवा में जुटी रहती हैं।
संस्था द्वारा इससे पहले भी भीषण गर्मी को देखते हुए मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में चार पंखे भेंट किए जा चुके हैं, जिससे राहत मिली है।
कार्यक्रम में पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य सूरजमल अग्रवाल, मनोहरलाल बम, प्रदीप धाकड़, जितेंद्र सकलेचा, श्रीपाल मारू, डिप्टी डायरेक्टर वूमन्स इंपावरमेंट आशा सांभर, उपाध्यक्ष माया विरवाल, भावना कांठेड़, मधु धाकड़ सहित संस्था के पदाधिकारी, अस्पताल स्टाफ और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में आभार श्रीपाल मेहता ने व्यक्त किया।
