141 किलो डोडाचूरा के साथ क्रेटा कार जब्त, दो तस्कर गिरफ़्तार, रतनगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नीमच। रतनगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक सफेद रंग की होण्डाई क्रेटा कार भी जब्त की गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज रतलाम के निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक नीमच के राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान ग्राम मुवादा के कच्चे रास्ते पर थाना रतनगढ़ पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त होण्डाई कम्पनी की क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CH 1981 भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश पिता कन्हैयालाल धाकड़ (33) एवं कन्हैयालाल पिता शंकरलाल धाकड़ (26) निवासी ग्राम मुवादा थाना रतनगढ़ जिला नीमच के रूप में हुई है।
पुलिस ने जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 13 हजार रुपये बताई है, जबकि जब्त क्रेटा कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर, थाना रतनगढ़ पुलिस टीम एवं साइबर सेल नीमच के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
