बोहरा और जैन समाज के बीच सहमति से हुआ समाधान, SDPI ने मोहम्मद अली बैग के नाम पर सड़क नामकरण की भी रखी मांग

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  11 May, 2026
icon

नीमच। बोहरा बाजार क्षेत्र में सड़क नामकरण को लेकर पिछले दिनों बना विवाद अब आपसी संवाद और सहमति के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझ गया है। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) जिला नीमच ने इस समाधान का स्वागत करते हुए इसे शहर की गंगा-जमुनी संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का मजबूत उदाहरण बताया है।
पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि बोहरा समाज और जैन समाज के प्रतिनिधियों ने जिस समझदारी, धैर्य और परिपक्वता का परिचय दिया, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। दोनों पक्षों की सहमति से दानागली से कमल चौक तक के मार्ग का नाम डॉ. सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहब मार्ग तथा दानागली से पुस्तक बाजार मार्ग का नाम आचार्य शांतिसागर मार्ग रखने का निर्णय लिया गया।
SDPI ने कहा कि यह फैसला साबित करता है कि संवेदनशील मुद्दों का समाधान टकराव या कानूनी विवादों से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, संवाद और सामाजिक समरसता से निकाला जा सकता है। पार्टी ने इसे नीमच की सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल बताया।
प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी ने यह सुझाव भी रखा कि स्वतंत्रता संग्राम में नीमच क्षेत्र से अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद अली बैग के सम्मान में भी शहर की किसी सड़क का नाम रखा जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और बलिदान को याद रख सकें।
SDPI जिला अध्यक्ष इमरान हुसैन सोनी  ने कहा कि ऐसे सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण फैसले पूरे प्रदेश और देश के लिए प्रेरणा हैं। पार्टी ने दोनों समाजों के वरिष्ठजनों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए नीमच में शांति, भाईचारे और सामाजिक समरसता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।