जैन भवन चौराहे पर फटी विद्युत डीपी, आग की लपटों और धमाके से दहला इलाका
नीमच। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल जैन भवन रोड सोमवार शाम अचानक धमाके की आवाज से गूंज उठा। सड़क किनारे स्थापित विद्युत डीपी में तेज ब्लास्ट होते ही आग भड़क गई और कुछ ही पलों में डीपी आग के गोले में तब्दील हो गई।
घटना के दौरान चौराहे से गुजर रहे लोग और वाहन चालक घबराकर इधर-उधर भागने लगे। डीपी से लगातार उठ रही चिंगारियों और आग की ऊंची लपटों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। देखते ही देखते जैन भवन चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ब्लास्ट इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए। आग बढ़ने के डर से कई दुकानदारों ने भी तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं। मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की बिजली सप्लाई भी प्रभावित की गई। फिलहाल डीपी ब्लास्ट के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका ओवरलोड या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है।
