मनासा के चुन्नी लाल पंजाबी जी का अनुकरणीय देहदान: चिकित्सा शिक्षा के लिए मिसाल, नीमच मेडिकल कॉलेज में राजकीय सम्मान के साथ दी गई विदाई

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  04 May, 2026
icon

मनासा (नीमच)। मानव सेवा की एक अत्यंत गौरवशाली और प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए मनासा निवासी स्वर्गीय चुन्नी लाल पंजाबी जी (पिता श्री गुंदराम जी) का पार्थिव शरीर उनके निधन के पश्चात परिजनों द्वारा चिकित्सा शिक्षा के उद्देश्य से दान किया गया। समाज को नई दिशा दिखाने वाले इस पुनीत कार्य में उनके पुत्र मनोज सोनी, पुत्री हेमलता और लायंस क्लब मनासा ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए उनके पार्थिव शरीर को वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नीमच के शरीर रचना विभाग को सौंपा।

इस महान त्याग और सेवा भाव के सम्मान में राज्य सरकार की ओर से स्वर्गीय पंजाबी जी को 'गार्ड ऑफ ऑनर' प्रदान किया गया, जो उनके इस निस्वार्थ कार्य के प्रति शासन की कृतज्ञता का प्रतीक है।

इस अवसर पर चिकित्सा महाविद्यालय के शरीर रचना विभाग द्वारा परिवारजनों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे देहदान कार्यक्रम को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासनिक अधिकारियों का विशेष योगदान रहा, जिसमें मनासा एसडीएम किरण आंजना एवं नायब तहसीलदार नवीन जी ने महत्वपूर्ण समन्वय और सहयोग प्रदान किया।

पार्थिव शरीर सुपुर्द करने के दौरान चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ.आदित्य वेराड, शरीर रचना विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.मृदुल त्रिपाठी एवं डॉ.इति मंत्री सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य और शोकाकुल परिजन उपस्थित रहे। स्वर्गीय चुन्नी लाल पंजाबी जी द्वारा किया गया यह देहदान न केवल भावी चिकित्सकों की शिक्षा के लिए एक अमूल्य योगदान है, बल्कि यह संपूर्ण समाज को परोपकार और मानवता के पथ पर चलने की एक सशक्त प्रेरणा भी देता है।